Friday, June 29, 2018

यकीं तुमने मोहब्बत पर जो दिल से किया होता

कहीं कुछ भी नही है जो तुम्हारी जद के बाहर है
यकीं तुमने मोहब्बत पर जो दिल से किया होता

नजर जाती जहां तक बस दरख्तों की कतारें थी
मुझे उस दौर में मौला कैद कर रख लिया होता

जमी प्यासी गगन जलता ज़ोर कोई नही चलता
बहुत मगरूर है इंसा फिक्र कल की किया होता

जो सूखी लकड़ियां बिनने गयी एक फूल की बेटी
चमन रोया हिफाजत का खुदा जिम्मा दिया होता

यही वहशियत एक दिन जहां को खाक कर देगी
जुल्म की आग से उठते धुंए को पढ़ लिया होता

देवेंद्र प्रताप वर्मा"विनीत"

Tuesday, June 19, 2018

यूँ मिला किसी अजनबी से नही

हौंसला है अगर वक़्त भी साथ है
मुश्किलें हैं बड़ी आदमी से नही

है दिया जल रहा रोशनी के लिए
कोई चाहत उसकी किसी से नही

फूल चुनकर लिए आ गई है शबा
आज कोई शिकायत जमीं से नही

तुमको ढूंढू कहाँ तुम कहाँ खो गई
कोई आवाज आती कहीं से नही

इक मुलाकात में बिखर सा गया
यूँ मिला किसी अजनबी से नही ।

           देवेंद्र प्रताप वर्मा"विनीत"

इक मेरे रहने से क्या होता है

इक मेरे रहने से क्या होता है
तेरे बिन खाली मकां होता है । 

जो कह न सके हिम्मत से सच
मेरी नजर में वो बेजुबां होता है । 

जंग है जुर्म के वहशी दरिंदो से
देखें साथ में कौन खड़ा होता है । 

परिंदों का पता सुबह पूछती है
मेरे होठों पे ताला पड़ा होता है।  

सुना है शहर भी कभी गांव था
अब जिक्र नही उसका  होता है। 

तुम गए मेरा "मैं" भी चला गया
जीने का नही हौसला होता है ।   

दीवार के पार फूल भी खिले हैं
नफ़रत-ए-नजर का पर्दा होता है ।।

Saturday, August 5, 2017

दौरे-शुकूँ फिर से आज दिल जला गया

दौरे-शुकूँ फिर से आज दिल जला गया
मेरा पता पूछ कर कहीं और चला गया
आंखों का अश्कों का न दिल का कसूर था
ख़त में लिखा था जो वो ही पढ़ा गया
खुद्दार शख़्स है वो अपनी जमात का
लोगों में न जाने उसे क्या क्या कहा गया
तुम देर से आये हो तन्हा हो इसलिए
इस दर से हसरतों का मेला चला गया।
..देवेंद्र प्रताप वर्मा”विंनीत”

Saturday, April 8, 2017

भीतर तू निहारा कर

अपनी अपनी जिद से पल भर को किनारा कर
मुमकिन है कि बन जाये फिर से बात दोबारा कर । 
मुझको कोई चीज़ समझ न तेरा हूँ तो तेरा ही हूँ
तुझसे दूर नही जाऊंगा कितना भी इशारा कर । 
एक समंदर गहरा दिल है सारे गम पी जायेगा
गम की सारी नदियों को मेरी और पुकारा कर । 
धूप नही जो आंगन में तो सूरज को मत कोसा कर
जुगनू को मनमीत बना दिल में कुछ उजियारा कर । 
सारी फसलें काट चुका जो मिट्टी से मिल आया है
वो जो घर का बूढा है मत उस पर ज्ञान बघारा कर । 
माँ जो कहती है “तू” बेटा, सूरज चंदा तारा है
बातें उसकी झूठी न हो खुद को एक सितारा कर । 
कुछ न हासिल हो,’विनीत’ तू खुद को पा जायेगा
बाहर से पहले, ग़र अपने भीतर तू निहारा कर । 
– देवेंद्र प्रताप वर्मा”विनीत”

Saturday, October 15, 2016

कोई गज़ल गा दीजिए

कोई गज़ल गा दीजिए

दर्द से दर्द की दवा कीजिये
हम है बैठे ग़जल कोई गा दीजिये।
एक नन्हा दिया जल रहा है कहीं
साथ जलकर उसे हौसला दीजिये।
फासलों ने दिए जख्म है,दर्द हैं
दर्द में फासलों को मिटा दीजिये।
तजुर्बा बड़े काम की चीज है
क्या मिला जिंदगी से बता दीजिये।
जिसकी मेहनत का हासिल है ये आसमाँ
उसको घर से न अपने जुदा कीजिये।
देवेंद्र प्रताप वर्मा”विनीत”

Friday, May 20, 2016

अब ऐसे दस्तूर हुए हैं

अब ऐसे दस्तूर हुए हैं


हम तुम यूँ मजबूर हुए हैं
देखो कितने दूर हुए हैं।
आँखों तक आने से पहले
ख़्वाब चकनाचूर हुए है।
ख्वाहिशों ने गुनाह बक्शे
वरना सब बेक़सूर हुए हैं।
जल्दी जाने की ज़िद है
या वो कुछ मग़रूर हुए हैं।
एक दम से ना-उम्मीद न हो
कुछ मसले हल जरूर हुए हैं।
देखें क्या होता है आगे
वादें तो भरपूर हुए है।
जीने की खातिर मरना है
‘विनीत’ अब ऐसे दस्तूर हुए हैं।

उलझे लोग

 कहीं भी जाऊँ गुल  दोस्ती के खिल जाते हैं  मुझे मेरे जैसे लोग  हर जगह मिल जाते हैं।  गरीबों के लिए ही बने हैं  सारे नियम कायदे  अमीरों के लि...